
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन वेरिफिकेशन ड्राइव’ के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और अवैध पिस्टल के साथ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज है।

जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को हीरानगर निवासी प्रकाश कविदयाल ने घर के सामने खड़ी अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (UK 04 K 6143) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं 11 मार्च को राजपुरा निवासी सुमित मार ने अपनी दुकान से चार मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान कवि बिष्ट (33 वर्ष) पुत्र कुंदन सिंह, निवासी गोलू माजरा डेराबस्सी, थाना डेराबस्सी, मोहाली (चंडीगढ़) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन (तीन वीवो और एक सैमसंग) के अलावा एक देशी पिस्टल (.32 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ थाना हल्द्वानी में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 15 फरवरी से एक माह के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन वेरिफिकेशन ड्राइव के तहत की गई, जिसमें आश्रम, होमस्टे, हॉस्टल, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।











