
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी प्रेस ब्रीफिंग के दौरान दी। सरकार के फैसलों में मेडिकल इंटर्न, खेल प्रतिभाओं, शिक्षा, कारागार, स्वास्थ्य और मसूरी रोपवे परियोजना से जुड़े अहम निर्णय शामिल रहे।
MBBS इंटर्न को बड़ी राहत
राज्य के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में आंदोलन कर रहे MBBS इंटर्न की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इंटर्न की स्टाइपेंड राशि 17 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
खेल प्रतिभाओं के लिए 200 से ज्यादा पद
खेल नीति-2021 के तहत आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के लिए विभिन्न विभागों में 200 से अधिक पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा शिक्षा विभाग के अंतर्गत व्यायाम शिक्षक के 35 पद खेल विभाग के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इन पदों को पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आरक्षित रखा जाएगा।
मसूरी रोपवे परियोजना में लैंड ट्रांसफर
देहरादून के पुरुकुलगांव में निर्माणाधीन मसूरी रोपवे परियोजना के तहत भूमि हस्तांतरण को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इसी क्रम में गढ़वाल सभा के भवन के निर्माण का रास्ता भी साफ होगा।
हरिद्वार में बनेगा ESI अस्पताल
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के तहत हरिद्वार में ESI अस्पताल स्थापित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इससे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट के अन्य अहम फैसले
- UERC की वार्षिक रिपोर्ट को विधानसभा के सदन में रखने की मंजूरी।
- उत्तराखंड कारागार सुधार विभाग में अपर निदेशक का एक पद स्वीकृत।
- शासकीय अधिवक्ताओं को मिलने वाले शुल्क के पुनर्निर्धारण के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट को मंजूरी।
- खाद्य विभाग के तहत सुधार कार्यक्रम में सीधी भर्ती के पदों को लेकर चर्चा।
- 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।










