
लालकुआँ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लालकुआँ स्थित सेंचुरी पेपर मिल के कम्युनिटी हॉल में नारी शक्ति के सम्मान में भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय महिला क्रिकेटर मेघना सिंह मौजूद रहीं। इस अवसर पर मिल की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरा सभागार उत्साह और उमंग से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वंदना, आदित्य वंदना तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने नारी शक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सृजन, शक्ति और करुणा का स्वरूप माना गया है। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज की प्रेरक शक्ति भी है। उन्होंने भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि सृष्टि की पूर्णता पुरुष और नारी दोनों के संतुलन से ही संभव है।
सीओओ प्रणव शर्मा ने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्योग और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। वहीं सीएफओ महेन्द्र हरित ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सामाजिक विकास की अनिवार्य आवश्यकता है और महिलाओं को अवसर मिलने पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है।
उपाध्यक्ष नरेश ने नारी को त्याग, धैर्य और संवेदना की प्रतिमूर्ति बताते हुए समाज में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी अमित गंगवाल, परितोष राय तथा महाप्रबंधक एस.के. बाजपेयी भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि महिला क्रिकेटर मेघना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें गर्व है कि वे एक बेटी हैं। उन्होंने कहा कि बेटियाँ केवल परिवार की शान ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति भी हैं। उन्होंने युवतियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मिल की महिलाओं द्वारा नृत्य, गीत और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान की झलक प्रस्तुत की गई, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रतिमा जैन ने किया। इस अवसर पर निधी गुप्ता, रश्मि हरित, मीरा शर्मा, माधुरी गंगवाल, प्रतिमा जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में समाज में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देने का संकल्प लिया गया।











