रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ भीड़ द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोगों ने महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी लात-घूसों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर का है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। महिला की यह हरकत आसपास मौजूद लोगों को संदिग्ध लगी, जिसके बाद लोगों ने उस पर बच्चा चोरी का शक जताते हुए शोर मचा दिया।
शोर मचते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने महिला की एक नहीं सुनी और उसे पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग और स्थानीय महिलाएं उसे थप्पड़ और लात-घूंसे मार रहे हैं।
सूचना मिलने पर एसएसआई महेश कांडपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान भीड़ का गुस्सा इतना ज्यादा था कि पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ महिलाएं महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और महिला को छुड़ाकर थाने ले गई।
थाने लाकर जब महिला से पूछताछ की गई तो उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई। वह स्पष्ट रूप से सवालों का जवाब नहीं दे पा रही थी। सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार लग रही है।
पुलिस के अनुसार यह वही महिला है जिसने कुछ समय पहले थाने में खुद का सिर दीवार पर मारकर हंगामा किया था। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे छोड़ दिया है और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है।
ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस के मुताबिक महिला पिछले चार से पांच दिनों से इलाके में घूमती हुई देखी जा रही थी। स्थानीय लोगों को उसकी मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी नहीं थी। इसी वजह से लोगों ने बच्चा चोरी का शक जताकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि महिला को पुलिस के सामने पीटने की बात सही नहीं है। यदि ऐसा होता तो पुलिसकर्मी तुरंत हस्तक्षेप कर उसे बचाते। हालांकि घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।











