
नैनीताल – भवाली कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ न सिर्फ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी, बल्कि उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार 04 फरवरी 2026 को सीएचसी अस्पताल भवाली से सूचना मिली कि एक नाबालिग युवती लगभग छह माह की गर्भवती है। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस ने तत्काल पीड़िता के परिजनों से संपर्क किया। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर थाना भवाली में मु0अ0सं0 04/26, धारा 64 बीएनएस तथा 5(J)/11/6 पोक्सो अधिनियम के तहत आरोपी साहिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा व अधीनस्थ टीम को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी और 05 फरवरी 2026 को आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण, फॉरेंसिक जांच सहित अन्य विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने दोहराया कि दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ उसकी संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। साथ ही क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की मॉनिटरिंग सेल लगातार नजर रखे हुए है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
वरिष्ठ उप निरीक्षक – आसिफ खान
महिला उप निरीक्षक – गुरविन्दर कौर
उप निरीक्षक – रमेश पंत
उप निरीक्षक – मनोज अधिकारी
हेड कांस्टेबल – लाल बाबू
कांस्टेबल – हरीश सिंह
कांस्टेबल – भुवन कापड़ी
मीडिया सेल – नैनीताल पुलिस











