Ad

लालकुआँ कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत एटीएम तोड़ने की कोशिश नाकाम, नकाबपोश की तलाश में पुलिस……

लालकुआं। मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक एटीएम को बीती रात अज्ञात चोर ने निशाना बनाया। बदमाश ने एटीएम मशीन को तोड़कर नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका और मायूस होकर मौके से फरार हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना अर्धरात्रि के बाद की है। नकाब पहने एक युवक हिताची कंपनी के एटीएम में घुसा और मशीन को क्षतिग्रस्त करने लगा। बताया जा रहा है कि बदमाश अपने साथ कोई विशेष औजार नहीं लाया था। उसने पत्थर से एटीएम को तोड़ने की कोशिश की और लंबे समय तक मशीन पर वार करता रहा, जिससे एटीएम को नुकसान तो पहुंचा, लेकिन कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच सका।


काफी देर तक असफल प्रयास करने के बाद आरोपी बिना पैसे लिए ही मौके से भाग निकला। पूरी वारदात के दौरान उसने चेहरे पर नकाब पहन रखा था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।


हल्दुचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल ने बताया कि एटीएम में तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, मोटाहल्दू व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप पांडे ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से मांग की है कि एटीएम में तोड़फोड़ करने वाले बदमाश को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें