जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत सर्किट हाउस, हल्द्वानी में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना था, ताकि आगामी जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी और सटीक तरीके से संपन्न कराया जा सके।

जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ-साथ फील्ड विजिट भी कराई गई। इसके तहत सभी फील्ड ट्रेनरों को देवलामल्ला गांव में भेजकर जनगणना प्रक्रिया से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर कार्य करने का अनुभव मिल सके।
कार्यक्रम में जनगणना के विभिन्न बिंदुओं—जैसे डेटा संकलन, सत्यापन और रिपोर्टिंग—पर विस्तार से चर्चा की गई। अंतिम दिन आयोजित सत्र में चार्ज अधिकारी ओखलकांडा हिमांशु जोशी, बेतालघाट के बीसी जोशी सहित फील्ड ट्रेनर और संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार हुआ है।










