
भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल जिले के बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस आयोजन और नए भवन से छात्रों के लिए आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा देने की है। उन्होंने संस्थान प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह युवाओं की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्थान की स्थापना के समय पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की जो परिकल्पना की थी, यह संस्थान उसी दिशा में सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी रचनात्मकता और नवाचार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज यहां के छात्र देश-विदेश में उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं और कई युवा प्रशासनिक सेवाओं, सेना तथा स्टार्टअप के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाएं—स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन—युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार देने वाला बना रही हैं।
शिक्षा और युवाओं के लिए सरकार की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक कोर्स शुरू कर रही है। साथ ही मॉडल कॉलेजों की स्थापना, आईटी लैब, छात्रावास और परीक्षा भवनों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और ‘मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना’ के माध्यम से नवाचार और रिसर्च को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बड़ी घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
- भीमताल में उप-तहसील का गठन
- ओखलकाण्डा में आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे और सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन
- लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोर निर्माण
- रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में मंडी निर्माण
- ककोड़ व दाड़िम में मिनी स्टेडियम
- ढोली गांव में स्वास्थ्य सुविधा विस्तार
इसके साथ ही संस्थान में ड्रोन लैब और कंप्यूटर विभाग के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपये तथा ऑडिटोरियम फर्नीचर के लिए अतिरिक्त 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










