आज दिनांक 17 मार्च 2026 को तेजस्विनी जन सेवा समिति द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला संवाद कार्यक्रम “सक्षम महिला समर्थ भारत” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वावलंबन (आत्मनिर्भरता) की दिशा में कार्य कर रही 21 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष कृति तिवारी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं—चाहे वह शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय, खेल या विज्ञान का क्षेत्र हो। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है, जो व्यक्ति को सही-गलत की पहचान कराने के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाती है।

उन्होंने महिलाओं से अपने कौशल को विकसित करने की अपील करते हुए कहा कि कंप्यूटर, सिलाई, ब्यूटीशियन जैसे हुनर सीखकर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं।

वहीं ब्यूटीशियन प्रशिक्षक ललिता पांडेय ने कहा कि आत्मनिर्भर नारी न केवल अपने परिवार को सहयोग देती है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में दिव्य ज्योति महिला एवं बाल विकास संस्था की अध्यक्ष दिव्या कोटियाल, नीलम आर्या, दिशा मोरा, पूजा जोशी, निकिता कुल्याल, पूजा कोरंगा, सपना कार्की, रोशनी कोरंगा, पूजा राणा, शोभा नायाल, मुस्कान अग्रवाल, गीता धामी, सोनिया भंडारी, हरप्रिया दसोंनी, बबीता सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।











