उत्तराखंड सरकार के सफल 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने अपने क्षेत्र की विभिन्न जटिल समस्याओं, स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
दीपेंद्र कोश्यारी ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के चलते प्रदेश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना एवं मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को रोजगार के अवसर, महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण और जरूरतमंद वर्ग को सामाजिक सुरक्षा मिल रही है।
दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने आगे कहा कि उनकी टीम इन सभी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांव-गांव और क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के संयुक्त प्रयासों से विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।










