
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस, हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई तथा जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ जिला प्रशासन द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग वर्तमान में सुचारू है। इसके अलावा कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे 30 मई तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
मानव-वन्यजीव संघर्ष पर ठोस कदम
मुख्यमंत्री ने बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग, अलर्ट सिस्टम लगाने और वन विभाग व पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा गया। साथ ही सभी स्तरों पर जवाबदेही तय करने और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया गया।
पर्यटन सीजन के लिए सख्त तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। उन्होंने रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए।
सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने, शटल सेवा संचालित करने और वैकल्पिक पार्किंग स्थलों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सख्ती
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन प्रहार के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। 24×7 निगरानी और नियमित चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
जमरानी बांध और बिंदुखत्ता पर फोकस
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल, भूजल स्तर और बाढ़ नियंत्रण में सुधार होगा।
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए गए।
पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश
ग्रीष्मकाल और मानसून को देखते हुए विद्युत और पेयजल व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग सहित अन्य एजेंसियों को भी कार्य समयबद्ध पूर्ण करने के लिए कहा गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ,
मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।










