लालकुआं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा पर्वतीय क्षेत्र खुटियाखाल में एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूर्व विधायक भीमताल दान सिंह भंडारी के मुख्य आतिथ्य और दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान दुग्ध उत्पादन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महिला दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। महिला दुग्ध उत्पादकों ने कुमाऊनी लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया, जिससे पर्वतीय लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर वर्ष 2024 से 2026 तक की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में लगभग 29 लाख 93 हजार 885 रुपये की दुग्ध खरीद हुई, जिसमें करीब 8.48 प्रतिशत लाभ दर्ज किया गया। वहीं लगभग 30 लाख 20 हजार 123 रुपये की दुग्ध खरीद पर 9.72 प्रतिशत लाभ प्राप्त हुआ। इसके अलावा लगभग 2 लाख 52 हजार रुपये से अधिक की दुग्ध खरीद पर करीब 8.5 प्रतिशत लाभ दर्ज किया गया। समिति द्वारा वर्षभर में कुल लगभग 91 हजार लीटर से अधिक दुग्ध की खरीद की गई। औसत दुग्ध खरीद दर लगभग 33.19 रुपये प्रति लीटर रही, जबकि नमूना बिक्री दर 60 रुपये प्रति लीटर निर्धारित है।

बैठक में दुग्ध उत्पादकों को उनके योगदान के आधार पर बोनस राशि भी वितरित की गई तथा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दुग्ध उत्पादकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पर्वतीय क्षेत्र में हाल ही में बाघ के हमले में एक महिला और एक पुरुष की मृत्यु होने की घटना पर शोक व्यक्त किया गया। नैनीताल दुग्ध संघ की ओर से मृतकों के परिजनों को 21-21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं और इससे दुग्ध उत्पादकों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में दुग्ध समिति की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा देवी और सचिव हरीश चंद्र कोटलिया ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ओखलकांडा के.डी. रुवाली, संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा, प्रभारी एफओ श्रीमती शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी नीमा साह, विजय जलाल, संतोष, मीना रौतेला, डॉ. धीरज, पर्वतीय प्रभारी हरीश चंद्र आर्या और क्षेत्र पर्यवेक्षक पूनम दरमवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।











