
हल्द्वानी। नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई न कर पाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त कदम उठाते हुए एक दरोगा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। पहले से ही नैनीताल लाइन में लाइन हाजिर चल रहे दरोगा सादिक हुसैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम न होने को लेकर उच्च अधिकारियों ने नाराजगी जताई थी। दो दिन पूर्व एडीजी स्तर से एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई की समीक्षा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में दरोगा सादिक हुसैन द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई को कमजोर बताया गया।
एडीजी के निर्देश के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा सादिक हुसैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











