Ad

हल्द्वानी: सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को मिलेगी नई जिंदगी—डीएम रयाल ने 6 नई गौशालाओं को दी मंजूरी, देखें रिपोर्ट

हल्द्वानी। जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपद में निराश्रित गोवंश के संरक्षण को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 6 नए गौसदनों की स्थापना को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि शीघ्र भूमि चयन कर प्रस्ताव तैयार किए जाएं और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

मालधन चौड़, गोलापार और श्री कैंचीधाम क्षेत्र में प्रस्तावित तीन गौशालाओं के लिए डीपीआर तैयार कर बजट जिला खनिज न्यास निधि से आवंटित करने की स्वीकृति भी दी गई। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में गूंजेगा शिवमय माहौल! 7 से 11 अप्रैल तक भव्य 5 दिवसीय शिव कथा

बैठक के दौरान जिला पंचायत द्वारा निराश्रित गोवंश को गौसदनों तक पहुंचाने के लिए कैचर/लिफ्टिंग वाहन अब तक न खरीदने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अपर मुख्य अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मालधन चौड़ में गौशाला निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों से पशुओं को वहां शिफ्ट करने को कहा गया।

गौलापार में बड़े स्तर पर गौशाला स्थापित करने के लिए भूमि चयन के निर्देश उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को दिए गए। वहीं भीमताल और खैरना (श्री कैंचीधाम) में भी गौशाला निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: “रातों की नींद उड़ाने वाला शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, मुखानी की दो बड़ी चोरियों का सनसनीखेज खुलासा” देखें वीडियो..

जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों और जिला पंचायत अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नए गौसदनों के प्रस्ताव जल्द तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौलापार के लिए जिला पंचायत नैनीताल, भीमताल के लिए नगर पालिका भीमताल और श्री कैंचीधाम क्षेत्र के लिए नगर पालिका भवाली को कार्यदायी संस्था नामित किया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि निराश्रित गोवंश को गौसदनों तक पहुंचाने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी और इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को चिन्हित कर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: SSP मंजुनाथ टीसी के ‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ा खुलासा, देखें पूरी अपडेट

जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि गौसदनों के संचालन के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी की जाए और निर्माण से जुड़े सभी प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की पशु कल्याण योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों और आम जनता तक भी पहुंचाई जाए।

बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. केसी जोशी, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें