Ad

प्यार के चक्कर में परिवार से लिया बैर, और फिर पिता ने बेटी के साथ…..

झुंझुनूं। जिले के पिलानी थाना क्षेत्र के गांव घूमनसर कलां में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। प्रेम विवाह की इच्छा जताने पर नाराज पिता ने अपनी ही बेटी की हथौड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी पिता सुरेन्द्र कुमार नेहरा को गिरफ्तार कर लिया है। थानाधिकारी चन्द्रभान के अनुसार मृतका प्रियंका अपने प्रेम संबंध को विवाह में बदलना चाहती थी, लेकिन पिता इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी बात को लेकर घर में कई दिनों से तनाव बना हुआ था।

रात में दिया वारदात को अंजाम
शुक्रवार रात को भी इसी मुद्दे पर घर में विवाद हुआ। विवाद के बाद प्रियंका अपने कमरे में चली गई। देर रात करीब एक बजे जैसे ही उसने दरवाजा खोला, पहले से घात लगाए बैठे पिता ने हथौड़े से उसकी कनपटी पर वार कर दिया।

मौके पर ही हुई मौत
गंभीर चोट लगने से प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी और परिवार के अन्य लोगों ने मामले को छुपाने की कोशिश की और इसे सीढ़ियों से गिरने का मामला बताकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

शक ने खोला राज
शनिवार सुबह जब प्रियंका की मौसी ने शव देखा तो चोट के निशान और खून के धब्बों से मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद चचेरे भाई गौरव ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की, जिसमें हत्या का खुलासा हो गया।

गौरव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद करने और साक्ष्य मिटाने के प्रयासों को लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

ससुराल में रह रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेन्द्र मूल रूप से सिंघाना क्षेत्र के गांव सांवलोद का निवासी है। करीब 20 वर्ष पहले उसके साले की हत्या के बाद से वह अपनी ससुराल, गांव घूमनसर कलां में ही रह रहा था।

सम्बंधित खबरें