
हल्द्वानी। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के मौखिक निर्देश पर जनपद नैनीताल में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। 26 फरवरी 2026 को विशेष सघन चेकिंग अभियान के तहत हल्द्वानी शहर के साथ-साथ दौलतपुर, चोरगलिया, हल्दूचौड़, तिकोनिया, सुभाष नगर और रामपुर रोड क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई।
अभियान के दौरान टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। चेकिंग के दौरान अभियुक्त पूरन सिंह पुत्र प्रताप सिंह के कब्जे से करीब 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी और निर्माण की आशंका बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने कहा कि अवैध मदिरा के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस अभियान में सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी, आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश जोशी तथा आबकारी सिपाही राहुल, शीतल, गीता, भास्कर और खुसाल की सक्रिय भूमिका रही।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।











