नैनीताल जनपद के भवाली स्थित नैनीबैंड बाईपास पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलेनो कार और कैंची धाम की दिशा में जा रही स्विफ्ट कार के बीच नैनीबैंड बाईपास के पास तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार सड़क किनारे लगे सुरक्षा घेरा को तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायल युवक दीपक बिष्ट (36 वर्ष), निवासी ग्राम खनिया (रानीखेत) को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायल को तुरंत सीएचसी भवाली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि इस बाईपास के खतरनाक मोड़ों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेत और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।










