
नैनीताल/मुक्तेश्वर।
नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण और रिसॉर्ट्स को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े स्तर पर निर्माण कार्य करा रहे हैं और साथ ही होमस्टे योजना का लाभ भी ले रहे हैं।

आयुक्त ने प्रथम दृष्टया इन निर्माण कार्यों को भू-कानून का उल्लंघन माना है। उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में इस तरह की बड़ी इमारतों का निर्माण और सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग गंभीर विषय है, जिससे भू-कानून की मूल भावना प्रभावित हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में भू-कानून का व्यापक स्तर पर दुरुपयोग किया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बन रही सभी संदिग्ध इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत जांच की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या अनियोजित निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस तरह के निर्माण कार्यों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि भू-कानून का दुरुपयोग रोका जा सके।











