हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व नैनीताल–ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद ने शुक्रवार को बच्चीनगर स्थित अपने आवास पर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 से 60 तक चल रही एडीबी वित्त पोषित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा शहर में किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा हल्द्वानी शहर के समग्र विकास के लिए स्वीकृत लगभग 2200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत कुल 740 किलोमीटर पेयजल लाइन में से अब तक 419.48 किलोमीटर लाइन बिछाई जा चुकी है। वहीं 122 किलोमीटर सीवरेज लाइन में से 71.45 किलोमीटर का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा 304 किलोमीटर सड़कों में से 154.8 किलोमीटर का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85.6 किलोमीटर सड़क में जीएसबी सबसर्फेसिंग का कार्य पूरा कर आगे का निर्माण कार्य जारी है।
परियोजना के अंतर्गत 14 ओवरहेड टैंकों में से 7 का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें से 3 डबल स्टोरी टैंक होंगे, जो शहर की सुंदरता को भी बढ़ाएंगे। इसके साथ ही 13 नलकूपों में से 7 की बोरिंग पूरी हो चुकी है तथा 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य भी जारी है।
वर्षा जल प्रबंधन के तहत 1500 मीटर रकासिया नाले के आउटफॉल के लिए भूमिगत नाले का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे बरसात के समय कई क्षेत्रों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा यूयूएसडीए द्वारा 229.82 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुधारीकरण और ड्रेनेज परियोजना का कार्य भी कार्यदायी संस्था को सौंप दिया गया है। नैनीताल रोड में तीनपानी से नरीमन चौराहे तक तथा कालाढूंगी रोड में कालाढूंगी चौराहे से कटघरिया तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।
बैठक में अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि हल्द्वानी में 336 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय नमो भवन की टेंडर प्रक्रिया भी जारी है। साथ ही पनचक्की से लालडांट तक टंचलेस तकनीक से सीवरेज पाइपलाइन डाली जा रही है, जिससे सड़कों को खोदने की आवश्यकता कम होगी और लोगों को असुविधा से बचाया जा सकेगा। इसी तकनीक का उपयोग पुरानी आईटीआई से आवला चौकी तक भी किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यों को 1 मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड के चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, सौंदर्यीकरण, केबल डक्ट निर्माण, वर्षा जल प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, हाईमास्ट लाइटिंग, बस स्टॉप निर्माण और प्रमुख चौराहों के आधुनिकीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही स्कूलों और संस्थानों के सामने टेबल-टॉप क्रॉसिंग भी बनाई जाएंगी।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के प्रयासों से हल्द्वानी को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। आने वाले समय में हल्द्वानी न केवल पर्यटन के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं को देखते हुए फिलहाल नई खुदाई न की जाए, ताकि आम लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े। पहले से चल रहे कार्यों को पूरा करने के बाद ही आगे की खुदाई शुरू की जाए।











