देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले पलटन बाजार में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। कोतवाली क्षेत्र के मछली बाजार में 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद करा दिया।
मृतका की पहचान गुंजन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती सुबह घर से निकलकर बाजार पहुंची ही थी कि इसी दौरान उसकी एक युवक से बातचीत हुई। अचानक युवक ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हालात को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
आरोपी आकाश कुमार गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले मछली बाजार स्थित एक दुकान में काम करता था और मृतका से उसकी पहले से जान-पहचान थी। वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और युवती के बीच पिछले करीब दो वर्षों से दोस्ती थी और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
पहले भी दी थी धमकी, शिकायत दर्ज थी
जानकारी के अनुसार, युवती ने 31 जनवरी को आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आशंका जताई थी कि आरोपी उसे नुकसान पहुंचा सकता है। इसके बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा था। पुलिस ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
एसएसपी बोले — पहले से तलाश में थी पुलिस
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि वारदात बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुई। युवती पलटन बाजार में काम करती थी और स्कूटी से बाजार आई थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी के घर भी गई थी। वहां उसकी पत्नी ने बताया था कि वह पिछले तीन दिनों से घर नहीं लौटा और उसका फोन भी बंद है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।











