हल्द्वानी– बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। छठी कक्षा के एक छात्र ने आठवीं कक्षा के सीनियर छात्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना दोपहर लगभग दो बजे की बताई जा रही है। छुट्टी के बाद स्कूल गेट के बाहर छात्रों की भीड़ जमा थी, इसी दौरान दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, गौलापार निवासी 11 वर्षीय छात्र का पिछले एक-दो दिनों से अन्य छात्रों के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो सोमवार को फिर उग्र हो गया।
बीच-बचाव करना पड़ा भारी
विवाद को शांत कराने के लिए बनभूलपुरा निवासी आठवीं कक्षा का छात्र आगे आया, लेकिन इसी दौरान छठी कक्षा के छात्र ने अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में आठवीं के छात्र के सिर पर गहरी चोट आई, जबकि दाएं हाथ की दो उंगलियां कट गईं। वहीं, हमला करने वाले छात्र के हाथ में भी चोट लगने की सूचना है।
बेस अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां आठवीं कक्षा के छात्र के सिर पर 12 और हाथ में चार टांके लगाए गए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों छात्रों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल प्रशासन सतर्क
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य दीपक रावत ने बताया कि घटना स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के बाहर हुई। दोनों छात्रों के अभिभावकों को सूचना देकर विद्यालय बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि छात्र के पास से धारदार हथियार बरामद हुआ है और मामले में आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।










