हल्द्वानी। सीमित स्टाफ और वाहन की भारी कमी के बावजूद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी सर्कल में विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष में जनवरी 2026 तक 1550 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त कर सख्त संदेश दिया है कि संसाधनों की कमी कार्रवाई में बाधा नहीं बनेगी।

स्वीकृत 9 पद, तैनात केवल 5 कर्मचारी
हल्द्वानी सर्कल में स्वीकृत नौ पदों के मुकाबले वर्तमान में मात्र पांच कर्मी ही कार्यरत हैं। विभाग के पास अपना वाहन तक उपलब्ध नहीं है। कोर्ट संबंधी कार्यों और दफ्तर के संचालन के लिए लिपिकीय स्टाफ भी नहीं है, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।

बड़ा दायरा, बढ़ी जिम्मेदारियां
सर्कल के अंतर्गत काठगोदाम, चोरगलिया, मुखानी, लालकुआं और बनभूलपुरा जैसे विस्तृत क्षेत्र आते हैं। यहां अवैध शराब की रोकथाम, लाइसेंस नवीनीकरण, मदिरा दुकानों का निरीक्षण, एफएल-2 व सीएल-2 निकासी, जब्त शराब की जांच और न्यायालयी कार्य जैसी जिम्मेदारियां निभाई जाती हैं।

कार्रवाई में बढ़ोतरी
आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 55 मामले दर्ज कर 1378.75 बल्क लीटर शराब बरामद की गई थी और तीन दुपहिया वाहन जब्त किए गए थे। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में जनवरी 2026 तक 70 मामले दर्ज कर चार दोपहिया वाहन सीज किए जा चुके हैं। इस अवधि में 1550 बल्क लीटर देसी, विदेशी, बीयर व कच्ची शराब जब्त की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से काफी अधिक है।
संसाधनों की मांग
निरीक्षक ने बताया कि स्टाफ और वाहन की कमी को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही संसाधनों में वृद्धि होगी, जिससे कार्रवाई और प्रभावी हो सकेगी।
उठते सवाल
जहां अन्य विभागों के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं, वहीं बड़े राजस्व का स्रोत होने के बावजूद आबकारी विभाग संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। आउटसोर्स कर्मियों की नियुक्ति न होने से कार्यभार और बढ़ गया है।
फिलहाल, सीमित संसाधनों के बीच की जा रही यह कार्रवाई दर्शाती है कि हल्द्वानी सर्कल का आबकारी विभाग चुनौतियों के बावजूद अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।











