

तीन दिन सुबह 9 से रात 10 बजे तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, रोडवेज और सिटी बसों के रूट भी बदले; बाजार क्षेत्र में दोपहिया समेत सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
हल्द्वानी। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी शहर के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट बदला जाएगा, जबकि बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। ऐसे में त्योहार की खरीदारी के लिए हल्द्वानी आने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिए।
सुबह 6 से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध
पुलिस के अनुसार, 6 से 8 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक हल्द्वानी शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दूध, तेल, गैस और सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी शहर के भीतर प्रवेश करने के बजाय बाईपास मार्गों का इस्तेमाल करेंगे।
रोडवेज और सिटी बसों के बदले जाएंगे रूट
रामपुर रोड से आने वाली रोडवेज, सिटी और सिडकुल की बसें टीपी नगर तिराहे से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहा, तीनपानी और गौला रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से तिकोनिया तथा नैनीताल बैंक तिराहे के रास्ते रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें टीपी नगर तिराहे से ही वापस किया जाएगा।
बरेली रोड से आने वाली बसें तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा, तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे के रास्ते रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। आवश्यकता पड़ने पर होंडा शोरूम तिराहे से वापस किया जाएगा।
कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें ऊंचापुल चौराहा अथवा लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की, हाईडिल और तिकोनिया होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। जरूरत पड़ने पर लालडांठ तिराहे से वापस किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र और काठगोदाम से आने वाली रोडवेज एवं केमू बसें नैनीताल रोड से सीधे तिकोनिया होते हुए रोडवेज और केमू स्टेशन पहुंचेंगी। वहीं सिटी एवं सिडकुल बसों को कॉलटैक्स अथवा हाईडिल तिराहे से पनचक्की और चम्बल पुल होते हुए ऊंचापुल एवं लालडांठ मार्ग से संचालित किया जाएगा।
रोडवेज स्टेशन से रामपुर और बरेली रोड जाने वाली बसें पूर्वी गेट से वर्कशॉप लाइन, तिकोनिया, नारीमन तिराहा और गौलापार रोड का इस्तेमाल करेंगी। कालाढूंगी रोड जाने वाली बसें तिकोनिया, हाईडिल, पनचक्की, चम्बल पुल और ऊंचापुल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। पर्वतीय क्षेत्र जाने वाली बसें पूर्वी गेट से वर्कशॉप लाइन और तिकोनिया होते हुए नैनीताल रोड का इस्तेमाल करेंगी।
दिल्ली एवं अन्य शहरों के लिए संचालित होने वाली वॉल्वो बसें अपने निर्धारित स्थान से ही यात्रियों को बैठाएंगी और उतारेंगी। इन बसों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
टीपी नगर तिराहा, होंडा शोरूम तिराहा और लालडांठ तिराहे से शहर की ओर रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
छोटे वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा पहुंचेंगे। वहीं अन्य छोटे वाहनों को गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से एफटीआई और आईटीआई होते हुए मुखानी चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहन गन्ना सेंटर अथवा शीतल होटल तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड का इस्तेमाल करेंगे। अन्य छोटे वाहन आईटीआई तिराहे से मुखानी चौराहे की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
कालाढूंगी रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले छोटे वाहन ऊंचापुल अथवा लालडांठ तिराहे से पनचक्की, हाईडिल और कॉलटैक्स होते हुए नारीमन तिराहे पहुंचेंगे। अन्य छोटे वाहनों को मुखानी चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र से बरेली और रामपुर रोड जाने वाले वाहन नारीमन तिराहे से गौलापार रोड होते हुए तीनपानी पहुंचेंगे। जबकि कालाढूंगी रोड जाने वाले वाहन कॉलटैक्स अथवा हाईडिल तिराहे से पनचक्की, चम्बल पुल और चौफला चौराहे होते हुए ऊंचापुल से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
काठगोदाम से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को महारानी होटल तिराहे से कुल्यालपुरा चौराहा और पानी की टंकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं नैनीताल बैंक तिराहे से आने वाले वाहनों को अर्बन बैंक तिराहे और जेल रोड तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
बाजार में दोपहिया वाहनों की भी नो एंट्री
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बाजार क्षेत्र में सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल चौराहा और ताज चौराहे से किसी भी प्रकार के छोटे-बड़े अथवा दोपहिया वाहनों को बाजार के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग
पुलिस ने अलग-अलग मार्गों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
- नैनीताल रोड एवं कालाढूंगी रोड: मिनी स्टेडियम रोड के बायीं ओर दोपहिया वाहनों की पार्किंग।
- नैनीताल रोड एवं रेलवे बाजार: रामलीला मैदान और रेलवे स्टेशन परिसर।
- कालाढूंगी रोड: पर्वतीय उत्थान मंच, हीरानगर।
- बरेली रोड: लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव।
- रामपुर रोड: एचएन इंटर कॉलेज मैदान।
- बाजार के व्यापारी: सरस बाजार पार्किंग और सिंधी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड पार्किंग।
ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक स्टैंड भी होंगे शिफ्ट
6 से 8 नवंबर तक ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक स्टैंड के संचालन स्थलों में भी बदलाव किया गया है। कालाढूंगी चौराहे और भोलानाथ टैम्पो/ई-रिक्शा स्टैंड को जेल रोड तिराहे से संचालित किया जाएगा। ओके होटल के दोनों ऑटो स्टैंड बर्फ वाली गली से चलेंगे।
सिंधी स्वीट्स मैजिक स्टैंड और सरगम ऑटो स्टैंड को एचएन इंटर कॉलेज रामपुर रोड से संचालित किया जाएगा। वहीं मंगलपड़ाव के दोनों ऑटो स्टैंड तथा विक्रम और मैजिक स्टैंड लक्ष्मी शिशु मंदिर से आगे सड़क के बायीं ओर निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस की अपील: घर से निकलने से पहले जान लें रूट
त्योहारी सीजन में जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस ने आम जनता से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और अनावश्यक रूप से बाजार क्षेत्र में वाहन लेकर न जाएं।
तीन दिन तक लागू रहने वाली इस व्यवस्था के चलते हल्द्वानी आने-जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और खरीदारों को अपने सफर की योजना पहले से बनानी होगी, ताकि त्योहार की खरीदारी के बीच जाम और परेशानी का सामना न करना पड़े।











