
मुरैना जिले से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने पहुंची एक 19 वर्षीय छात्रा की पेपर खत्म होने के तुरंत बाद तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार और स्कूल प्रशासन में शोक की लहर है।
पेपर खत्म होते ही बिगड़ी तबीयत
मामला बानमोर स्थित पंडित नेहरू कॉलेज भाग-2 परीक्षा केंद्र का है। मंगलवार सुबह 9 बजे से हाईस्कूल का गणित का पेपर शुरू हुआ था। दोपहर 12 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्र-छात्राएं अपनी उत्तर पुस्तिकाएं जमा कर रहे थे, उसी दौरान छात्रा वर्षा कुशवाह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।
ड्यूटी पर तैनात केंद्राध्यक्ष महेंद्र कुमार अटल और अन्य शिक्षकों ने तुरंत छात्रा को संभाला और बानमोर अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
छात्रा को ग्वालियर के मुरार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार ने कहा – पूरी तरह स्वस्थ थी वर्षा
मृतक छात्रा वर्षा कुशवाह ग्वालियर के चक बुधारा थाना हस्तिनापुर क्षेत्र निवासी देवेंद्र कुशवाह की बेटी थी। परिजनों के अनुसार वर्षा को पहले से कोई बीमारी नहीं थी। वह सुबह घर से नाश्ता करके सामान्य हालत में परीक्षा देने निकली थी। अचानक क्या हुआ, यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है।
सहायक केंद्राध्यक्ष विनोद कुशवाह के मुताबिक, परीक्षा शांतिपूर्वक चल रही थी और पेपर खत्म होने के बाद कॉपियां जमा की जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। डॉक्टरों की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।











