

हल्द्वानी में कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। अपराध निरोधक क्षेत्र हल्द्वानी, जनपदीय एवं मण्डलीय प्रवर्तन दल कुमाऊं की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के गौलागेट और शांतिपुरी-बिंदुखत्ता क्षेत्र में घेराबंदी कर कुल 360 पाउच कच्ची शराब बरामद की।
आबकारी विभाग के अनुसार मुखबिर की सूचना पर रात 2:30 बजे से अलग-अलग टीमों ने संदिग्धों की निगरानी शुरू की। सुबह करीब 4:20 बजे गौलागेट के पास बाइक संख्या UK-06-V-6890 पर जा रहे एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। टीम ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गुरप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह बताया। उसकी बाइक से 150 पाउच कच्ची शराब (प्रत्येक 300 एमएल) बरामद हुई।
इसके बाद दूसरी टीम ने सुबह 5:15 बजे शांतिपुरी, बिंदुखत्ता क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बब्बू मान सिंह पुत्र अमर सिंह को पकड़ा। उसके कब्जे से 140 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब सप्लाई से जुड़े एक अन्य व्यक्ति की जानकारी दी। सूचना पर आबकारी टीम ने बिंदुखत्ता निवासी लखवीर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह के घर दबिश दी, जहां से 72 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।
संयुक्त अभियान में कुल 360 पाउच कच्ची शराब जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी, आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कैलाश चन्द्र जोशी, संजय कुमार, प्रताप राम सहित कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि कच्ची शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब के निर्माण, भंडारण व बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










