

लालकुआं। स्वरोजगार की राह तलाश रहे युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के लिए नगर पंचायत लालकुआं की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नगर पंचायत परिसर में स्वरोजगार जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष पूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य स्वरोजगार की इच्छा रखने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों को अपना रोजगार शुरू करने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते।
उन्होंने बताया कि शिविर में स्वरोजगार योजनाओं की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और मिलने वाली सहायता के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही आवेदन से जुड़ी जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया जाएगा।
अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि स्वरोजगार के इच्छुक लोगों के लिए यह शिविर सरकारी योजनाओं को समझने और उनका लाभ उठाने का बेहतर अवसर है।











