
नैनीताल। बड़े वीकेंड और कैंची धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते नैनीताल जिले की सड़कें पर्यटकों और श्रद्धालुओं से पट गई हैं। नैनीताल, भवाली, भीमताल और कैंची धाम समेत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए व्यापक स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है।
बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं सड़कों पर उतरे और विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जाम की स्थिति से निपटने तथा पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आज शाम से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर की शाम पांच बजे के बाद वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। भीमताल तिराहे की ओर से वाहनों को हल्द्वानी की ओर एग्जिट कराया जाएगा। वहीं शाम 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे तक नियंत्रित अथवा रोका जाएगा, ताकि बाहर निकल रहे वाहनों को प्राथमिकता देकर यातायात सुचारु किया जा सके।
रविवार को छह घंटे रोकेंगे पहाड़ की ओर जाने वाले वाहन
4 अक्टूबर रविवार को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से नैनीताल, भीमताल और भवाली जाने वाले यातायात को छह घंटे तक नियंत्रित किया जाएगा। हाईडल तिराहा, नरीमन तिराहा और काठगोदाम थाना क्षेत्र से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को इस अवधि में रोका जाएगा। इस दौरान नैनीताल, भवाली और भीमताल की ओर से आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता दी जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से रविवार शाम चार बजे के बाद वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
चौराहों से डायवर्जन प्वाइंट तक पुलिस तैनात
यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस, यातायात पुलिस, सीपीयू और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात हैं। प्रमुख चौराहों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी लगातार यातायात को नियंत्रित कर रहे हैं।
सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि वाहनों के कारण जाम की स्थिति पैदा न हो।
कैंची धाम में शटल सेवा, श्रद्धालुओं से कार-पूलिंग की अपील
कैंची धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से निजी वाहनों की संख्या कम करने के लिए कार-पूलिंग अपनाने और शटल सेवा का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें, सड़क किनारे पार्किंग से बचें और वन-वे एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें। साथ ही गलत लेन, अनावश्यक ओवरटेकिंग और यातायात नियमों की अनदेखी न करने की अपील की गई है।
वीकेंड की भीड़ के बीच नैनीताल पुलिस का फोकस साफ है—श्रद्धालुओं की आस्था और पर्यटकों की आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था को पटरी पर बनाए रखना।










