


लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की धूम रही। लालकुआं, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू, गौलापार और चोरगलिया समेत कई स्थानों पर विधायक समर्थकों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय आयोजकों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर विधायक का जन्मदिन मनाया।

जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परामर्श शिविर, स्कूली बच्चों को स्वेटर वितरण और मिष्ठान वितरण जैसे कार्यक्रम प्रमुख रहे। स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया, जबकि रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
वहीं, स्कूली बच्चों को स्वेटर वितरित कर जनसेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों के साथ विधायक समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी रही।
आयोजकों ने कहा कि जनप्रतिनिधि के जन्मदिन को सामाजिक सेवा से जोड़कर मनाने का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक मदद पहुंचाना है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के दीर्घायु, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











