
हल्द्वानी के व्यस्त मंगलपड़ाव बाजार में खरीदारी करने आई दो महिलाओं के मोबाइल फोन चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में पीड़िताओं ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बिठौरिया, ऊंचापुल निवासी दीक्षा के साथ हुई। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4:15 बजे वह सदर बाजार क्षेत्र में खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पर्स से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें तुरंत चोरी का आभास नहीं हुआ।
दूसरी घटना सावित्री कॉलोनी, कालाढूंगी रोड निवासी दुर्गा भोसले के साथ हुई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह मंगलपड़ाव की सब्जी मंडी में खरीदारी कर रही थीं, तभी किसी ने उनका मोबाइल फोन चुरा लिया। चोरी का पता चलने पर उन्होंने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और मंडी क्षेत्र में काफी देर तक तलाश की, लेकिन फोन का कोई सुराग नहीं लग सका।
दोनों पीड़ित महिलाओं ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है।











