नैनीताल। नैनीझील क्षेत्र में गंदगी की शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को झील में विशेष सफाई अभियान चलाया। सोशल मीडिया के माध्यम से मिली शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के निर्देश पर नगर पालिका परिषद नैनीताल और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीमों ने झील के किनारों और जल क्षेत्र में जमा कचरे को हटाया।
उपजिलाधिकारी नैनीताल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान करीब दो घंटे तक कई टीमों ने मिलकर झील क्षेत्र की सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक, पॉलिथीन सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर नियमानुसार निस्तारित किया गया।
प्रभारी जिलाधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनीझील की स्वच्छता व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि नैनीझील नैनीताल की पहचान है और इसकी स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने उपजिलाधिकारी नैनीताल को नियमित रूप से सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नगर क्षेत्र में लगातार सफाई अभियान चलाने को कहा गया। विशेष रूप से उन नालों की सफाई पर जोर दिया गया जो सीधे नैनीझील में गिरते हैं, ताकि कूड़ा झील तक न पहुंचे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि झील या नालों में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि नैनीझील की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और झील क्षेत्र में कूड़ा न फैलाएं, ताकि नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखा जा सके।










