

भीमताल। प्रतिभा और मेहनत के दम पर पहाड़ के एक युवा ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर के बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र कार्तिकेय वारियाल का चयन दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल में 61.36 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर हुआ है। इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उन्हें एक लाख रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
सोमवार को भीमताल परिसर में आयोजित प्लेसमेंट समारोह-2026 में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कार्तिकेय को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता को मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।
इस अवसर पर डॉ. घनशाला ने कहा कि वैश्विक कंपनियों में चयन किसी संयोग का नतीजा नहीं होता, बल्कि इसके पीछे वर्षों की मेहनत, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प होता है। उन्होंने कहा कि भीमताल परिसर की स्थापना का उद्देश्य कुमाऊं और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय शिक्षा और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना रहा है। आज यहां के विद्यार्थी गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित होकर इस सोच को साकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक और बेहतर मंच देने की है, ताकि वे देश-दुनिया में अपनी क्षमता का लोहा मनवा सकें।
अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कार्तिकेय वारियाल ने बताया कि विश्वविद्यालय में मिले शिक्षकों के मार्गदर्शन, मेंटरशिप और शैक्षणिक अवसरों ने गूगल तक पहुंचने की उनकी यात्रा को आसान बनाया। उन्होंने जूनियर विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करने का संदेश दिया। साथ ही अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के सहयोग और प्रोत्साहन को दिया।
कार्तिकेय के पिता बसंत बल्लभ वारियाल ने भी विश्वविद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि बेटे की इस उपलब्धि में संस्थान के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल और शिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।
कार्तिकेय की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और संस्थान के लिए गौरव का विषय है, बल्कि कुमाऊं के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो पहाड़ में रहकर वैश्विक स्तर पर अपना करियर बनाने का सपना देख रहे हैं।











