

कूड़ा प्रबंधन में सामुदायिक सहभागिता की मिसाल बना लालकुआं, Urban Learnathon 2.0 में ‘अन्य नगरीय निकाय’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित
लालकुआं (नैनीताल)। शहर की गलियों से निकलने वाला कूड़ा जब परेशानी के बजाय रोजगार और बेहतर प्रबंधन का जरिया बन जाए, तो बदलाव की ऐसी ही तस्वीर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है नैनीताल जिले की नगर पंचायत लालकुआं ने। घर-घर कूड़ा संग्रहण और उसके व्यवस्थित निस्तारण के लिए विकसित किए गए अनूठे मॉडल ने लालकुआं को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (NIUA) की ओर से आयोजित ‘Urban Learnathon 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अन्य नगरीय निकाय’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के केंद्र में नगर पंचायत की पहल पर संचालित ‘गुलमोहर’ पुरुष स्वयं सहायता समूह की कार्यप्रणाली रही, जिसने स्वच्छता को सरकारी जिम्मेदारी से आगे बढ़ाकर सामुदायिक भागीदारी का अभियान बनाया।
देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन’ सम्मेलन के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में उत्तराखंड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश झा, अपर सचिव एवं निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी, भारत सरकार की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद, NIUA की निदेशक डॉ. देवोलिना कुंडू तथा राज्य मंत्री पुनीत मित्तल समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कूड़ा उठाने से लेकर व्यवस्था बदलने तक की पहल
लालकुआं की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि यहां स्वच्छता व्यवस्था को केवल सफाई कर्मचारियों और सरकारी संसाधनों के भरोसे नहीं छोड़ा गया। ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह के सदस्य घर-घर पहुंचकर नियमित कूड़ा संग्रहण और उसके व्यवस्थित प्रबंधन का काम कर रहे हैं। इस पहल ने न केवल नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी तैयार किए हैं।
समूह की सक्रियता, नियमित कूड़ा संग्रहण, नागरिकों की भागीदारी और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था ने इस मॉडल को अलग पहचान दिलाई। इसी कार्यप्रणाली को Urban Learnathon 2.0 में राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और लालकुआं को विजेता घोषित किया गया।
सामूहिक प्रयासों को मिला राष्ट्रीय सम्मान
सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बीसी भट्ट, सभासद भुवन पांडे, धन सिंह बिष्ट और ठाकुर सिंह ने प्रतिभाग कर नगर की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, ‘गुलमोहर’ समूह के सदस्यों और समस्त नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत आगे भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए कार्य करती रहेगी।
लालकुआं की यह उपलब्धि साबित करती है कि शहर का आकार नहीं, बल्कि लोगों की सोच और सामूहिक प्रयास बदलाव की असली ताकत होते हैं। घर-घर से शुरू हुई स्वच्छता की यह पहल अब राष्ट्रीय पहचान बन चुकी है और उत्तराखंड के दूसरे नगरीय निकायों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में सामने आई है।











