

हल्द्वानी (नैनीताल)। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कथित हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। करीब 10 वर्षों से चल रहे इस कथित खेल में एक स्टोन क्रशर स्वामी को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की वसूली करने और करोड़ों की संपत्ति हड़पने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। वीडियो वायरल करने, दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और बच्चे के नाम पर डराने-धमकाने के आरोपों ने पूरे मामले को बेहद गंभीर बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, कथित हनीट्रैप और लगातार ब्लैकमेलिंग से मानसिक रूप से बुरी तरह परेशान पीड़ित आत्महत्या करने तक की स्थिति में पहुंच गया था। इसके बाद पीड़ित ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के समक्ष पहुंचकर अपनी पूरी आपबीती और शिकायत रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, पिछले करीब 10 वर्षों से मो. मुश्ताक, महिला ज्योति सिंह सहित अन्य लोगों पर योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित को ब्लैकमेल करने के आरोप हैं।
वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे की धमकी देकर वसूली
आरोप है कि पीड़ित को वीडियो सार्वजनिक करने, दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और बच्चे के नाम पर डराकर लगातार दबाव बनाया जाता रहा। इसी भय और मानसिक प्रताड़ना का फायदा उठाकर आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित से करोड़ों रुपये वसूल लिए।
इतना ही नहीं, ब्लैकमेलिंग के इस कथित खेल में करोड़ों रुपये कीमत के प्लॉट, कार और स्कूटी तक हड़पने के आरोप सामने आए हैं। संपत्ति के नाम पर भी पीड़ित को लगातार दबाव में रखे जाने की बात जांच में सामने आई है।
SSP के निर्देश पर मुकदमा दर्ज, कार्रवाई शुरू
मामले में SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों को अंजाम देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
करीब एक दशक तक कथित तौर पर चले इस ब्लैकमेलिंग के खेल में करोड़ों की वसूली और संपत्तियां हड़पने के आरोपों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।











