

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए भीषण बस हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल एवं संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया कि प्रभावितों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।











