
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गुरुवार को जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस विधायक हरीश धामी के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक एवं कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार नकारात्मक राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अन्याय और गलत गतिविधियों के खिलाफ हमेशा मजबूती से आवाज उठाता रहा है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा। किसी भी जनप्रतिनिधि को लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून की मर्यादाओं से ऊपर नहीं समझा जा सकता।
युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसएसपी से पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।











