

बेसन के लड्डू से लेकर बालूशाही और खोया लड्डू तक लिए गए सैंपल, जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
लालकुआं (नैनीताल)। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने लगी है। इसी के साथ मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंकाओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लालकुआं के मुख्य बाजार एवं गौला रोड क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर करीब एक दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न मिठाइयों के पांच नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य संरक्षा आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में टीम ने मिठाई की दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बेसन के लड्डू, बालूशाही, मिल्क लॉज तथा तिल-खोया लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के पांच नमूने लिए गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं संभावित मिलावट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की इस अचानक कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। अभियान के माध्यम से विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया कि त्योहार के दौरान आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, विभाग की इस पहल का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
अभियान में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह भीमा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर सहित तहसील के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











