
धारी/भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को धारी ब्लॉक का दौरा कर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसमस्याओं को मंत्री कैड़ा के समक्ष रखा। मंत्री ने कई मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए तथा अन्य मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंच पाई है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलेगी और क्षेत्र के दूरस्थ गांव भी सड़क संपर्क से जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करें।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और प्रत्येक गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की हर जायज समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और क्षेत्रीय विकास के लिए उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।










