नैनीताल। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेला-2026 के अवसर पर बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। शनिवार को देर शाम तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस बीच सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों को रोके जाने संबंधी कुछ भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित होने के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि स्थानीय जनता के आवागमन पर किसी प्रकार की रोक नहीं है। कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा और आसपास के क्षेत्रों के निवासी वैध पहचान पत्र दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के तहत निर्बाध रूप से आवागमन कर सकते हैं।

एसएसपी ने बताया कि कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी सत्यापन के बाद आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली समेत सभी जोनल और सुपर जोनल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों से शटल सेवाएं लगातार संचालित की जा रही हैं। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्टिकर सिस्टम प्रभावी रूप से लागू किया गया है। निर्धारित स्टिकर लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है, जिससे यातायात नियंत्रित और व्यवस्थित बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार मेला क्षेत्र में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है और यातायात पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारियां साझा करने से बचें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि सभी को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का लाभ मिल सके।
नैनीताल पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह मुस्तैदी के साथ संचालित की जा रही हैं।










