
हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU) हल्द्वानी परिसर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में महापुरुषों के विचारों और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक डॉ. एम.सी. लोहनी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया। छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गांधी जी के अहिंसा और स्वच्छता के विचार तथा शास्त्री जी की सादगी और ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को केवल याद करने में नहीं, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कर्मों में उतारने में है।
जयंती समारोह के बाद विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने संयुक्त रूप से समीपवर्ती जग्गी बांगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने श्रमदान कर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की तथा प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया।
इस दौरान स्वयंसेवकों और कैडेट्स ने स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस अभियान के जरिए विद्यार्थियों ने स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।










