
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के बिरही क्षेत्र में जंगलों में लगी भीषण आग एक परिवार के लिए काल साबित हुई। आग बुझाने गए एक वनकर्मी की आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक की पहचान ज्योतिर्मठ विकासखंड के पाखी गांव निवासी 43 वर्षीय राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बिरही क्षेत्र के जंगलों में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल से सटे आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर वन विभाग की टीम, स्थानीय ग्रामीण और वनकर्मी आग बुझाने के अभियान में जुट गए।
आग की लपटों और धुएं में फंसे राजेंद्र सिंह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान राजेंद्र सिंह अचानक तेज लपटों और घने धुएं के बीच फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर गांव पहुंचते ही पाखी गांव में मातम छा गया। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। राजेंद्र सिंह की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने उन्हें मेहनती और मिलनसार व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह हमेशा सामाजिक कार्यों में आगे रहते थे।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने वन विभाग और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में लगातार लग रही आग को रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। यदि आग पर शुरुआत में ही नियंत्रण पा लिया जाता, तो राजेंद्र सिंह की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और जंगल की आग रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है। साथ ही वन क्षेत्रों में फायर लाइन मजबूत करने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।
वन विभाग ने क्या कहा
बद्रीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी शर्वेश कुमार दुबे ने बताया कि बुधवार करीब तीन बजे बिरही क्षेत्र के जंगलों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।










