

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU) हल्द्वानी परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय स्तर के 24 घंटे के हैकथॉन “वॉच द कोड” का भव्य शुभारंभ हुआ। इस तकनीकी आयोजन का उद्घाटन आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ARIES) के निदेशक डॉ. मनीष नाजा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मोहित जोशी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष नाजा ने कहा कि आज के दौर में डेटा और कोडिंग नवाचार की बुनियाद बन चुके हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में तकनीकी कौशल के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच विकसित करते हैं और उन्हें जटिल समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।
वहीं, डॉ. मोहित जोशी ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए आधुनिक तकनीक और शोध के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एरीज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के वैज्ञानिकों की मौजूदगी छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि “वॉच द कोड” जैसे आयोजनों के माध्यम से भविष्य के सॉफ्टवेयर लीडर्स तैयार किए जा रहे हैं।
देशभर से जुटे युवा प्रतिभागी
इस हैकथॉन में देश के 25 से अधिक विश्वविद्यालयों और संस्थानों के छात्र हिस्सा ले रहे हैं। अगले 24 घंटों तक प्रतिभागी लगातार कोडिंग कर नवीन समाधान विकसित करेंगे।
₹1 लाख तक के आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए विजेताओं के लिए ₹1 लाख की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा एडवांस्ड कोर्स सब्सक्रिप्शन और फ्री डोमेन होस्टिंग जैसे तकनीकी लाभ भी दिए जाएंगे।
अनुभवी जज और मेंटर्स का मार्गदर्शन
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए उद्योग जगत के विशेषज्ञों को जज बनाया गया है, जिनमें अविक अगरवाला (डेटा इंजीनियर, TCS), देवेश तुलस्यान (फुल स्टैक एआई एवं क्लाउड इंजीनियर, TCS) और विनय चंदोला (सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवं ACM लीडर) शामिल हैं।
मेंटर्स के रूप में विभा चंदोला, अंकुल कुमार, प्रियांशु कुमार, मयंक कुमार, मनीष चंद्र पनेरू और लक्ष्यजीत जलाल प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन फैकल्टी समन्वयक डॉ. मनीषा कोरंगा और कमलेश पलड़िया द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में शुभम लोशाली, अनिकेत जैन, नितिन और करणप्रीत सहित छात्र प्रबंधन टीम की अहम भूमिका रही।
हैकथॉन का समापन 19 अप्रैल को होगा, जहां विजेताओं की घोषणा की जाएगी।










