सड़क सुरक्षा पर नैनीताल पुलिस का बड़ा अभियान, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज…

ADVERTISEMENTS Ad

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर 20 स्कूल बसों की जांच, चार के चालान; सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई

नैनीताल। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए नैनीताल पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने अब तक 251 वाहनों के चालान किए हैं, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 10 वाहनों को सीज किया गया है। इसके साथ ही सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एक सप्ताह का विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना और स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, पांच टीमों ने एक साथ संभाला मोर्चा, कई कर्मचारी मिले नदारद...

इस अभियान में पुलिस विशेष रूप से स्कूली बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहनों पर नजर रख रही है। स्कूल बसों, स्कूल वैन, कैब और यात्री बसों की सघन जांच की जा रही है, ताकि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। पुलिस टीमों द्वारा वाहनों के पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी), फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और बीमा पॉलिसी की वैधता जांची जा रही है। इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित यात्री क्षमता के अनुपालन को भी परखा जा रहा है।

स्कूली वाहनों की जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि उनमें आपातकालीन निकास द्वार सही स्थिति में हैं या नहीं। साथ ही अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का विशेष जोर इस बात पर है कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाले प्रत्येक वाहन में सभी जरूरी सुरक्षा मानक पूरे हों।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ा सफेद बाघ ‘तेजस’ का आकर्षण, CM धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण; कॉलेज छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

251 वाहनों पर कार्रवाई, 10 किए सीज

नैनीताल पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान अब तक कुल 251 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों को सीज किया गया है। वहीं, सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूल किया है।

स्कूल बसों पर भी पुलिस की पैनी नजर

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अब तक 20 स्कूल बसों की जांच की गई है। इनमें नियमों और सुरक्षा मानकों में अनियमितताएं पाए जाने पर चार स्कूल बसों के चालान किए गए हैं। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों और संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेज पूर्ण रखने तथा वाहनों में अनिवार्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में 10 साल से चल रहे हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के खेल पर SSP मंजूनाथ टी.सी. का शिकंजा, दो टूक चेतावनी—मुश्ताक हो या ज्योति, कोई नहीं बचेगा, देखें पूरी अपडेट...

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अभियान को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों के जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें और सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें। पुलिस ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें