

नगर आयुक्त ने खुद तीन वार्डों में पहुंचकर परखी व्यवस्था, अनुपस्थित सफाई कर्मियों और सफाई नायकों पर कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर अब नगर निगम सख्ती के मूड में है। इसी क्रम में नगर आयुक्त के नेतृत्व में गुरुवार सुबह नगर निगम की पांच टीमों ने अलग-अलग वार्डों में अचानक पहुंचकर सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से गायब मिले, जिस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में औचक निरीक्षण किया। टीमों ने सफाई कार्यों की स्थिति के साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची।
निरीक्षण में कई कर्मचारियों की गैरमौजूदगी सामने आने पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों और सफाई नायकों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर पहुंचने तथा पूरी कार्यावधि में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता सीधे तौर पर नागरिकों के स्वास्थ्य, जीवन स्तर और हल्द्वानी की पहचान से जुड़ी है। ऐसे में सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए औचक निरीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और ड्यूटी में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।











