

लालकुआं। दुग्ध उत्पादकों के हित में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया है।
मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसका लाभ प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को भी इस निर्णय का सीधा लाभ मिलने की संभावना है। स्वीकृत राशि में से दूध मूल्य प्रोत्साहन के तहत लालकुआं दुग्ध संघ को करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये, साईलेज अनुदान में लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये तथा चारा परिवहन अनुदान के तहत करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है।
दुग्ध संघ अध्यक्ष ने कहा कि साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं, चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारा ढुलाई में होने वाले खर्च से राहत मिलेगी। इन योजनाओं से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ही पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
मुकेश बोरा ने कहा कि प्रदेश के 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुग्ध व्यवसाय से बड़ी संख्या में परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में सरकार की ओर से प्रोत्साहन और अनुदान की धनराशि उपलब्ध कराए जाने से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा दुग्ध व्यवसाय को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय दुग्ध उत्पादकों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया गया है।











