

अब श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने के लिए हल्द्वानी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, गांव के नजदीक ही मिलेगी सरकारी सुविधाएं : राम सिंह कैड़ा
धारी/ओखलकांडा। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में रहने वाले श्रमिकों को बड़ी राहत देते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की पहल पर ओखलकांडा ब्लॉक के ढोलीगांव में श्रम विभाग की ओर से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ खाद्य सामग्री एवं अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। इस पहल से लंबे समय से सरकारी सुविधाओं के लिए हल्द्वानी की दौड़ लगाने को मजबूर ग्रामीण श्रमिकों को उनके क्षेत्र में ही राहत मिली।
शिविर में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार आने-जाने में हजारों रुपये खर्च करने के बावजूद उन्हें बिना सामग्री प्राप्त किए ही वापस लौटना पड़ता था। ग्रामीणों की इसी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने श्रम विभाग के माध्यम से उनके क्षेत्र में ही शिविर आयोजित करवाया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पहाड़पानी, ढोलीगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को छोटी-छोटी सरकारी सुविधाओं के लिए हल्द्वानी के चक्कर काटने पड़ते थे। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते थे। अब सरकार की कोशिश है कि पात्र लोगों को उनके गांव और क्षेत्र के नजदीक ही योजनाओं का लाभ मिले, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा श्रम विभाग के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के अंतर्गत श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं को सहायता राशि तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं दी जा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। विशेषकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए इस तरह के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
स्थानीय स्तर पर आयोजित इस शिविर को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों के लिए राहतभरी पहल माना जा रहा है।











