
लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, लालकुआं के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। संगठन के विभिन्न पदों पर होने वाले चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल संगठन में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, महामंत्री, उपसचिव, महिला उपसचिव, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री एवं प्रचार मंत्री सहित कुल 10 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। प्रत्येक पद के लिए एक प्रतिनिधि का चयन किया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन, जांच और मतदान प्रक्रिया को लेकर भी जल्द विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।
इधर व्यापार मंडल चुनाव की घोषणा के बाद बाजार क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माने लगा है। संभावित प्रत्याशी व्यापारियों के बीच लगातार संपर्क साध रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। बाजार में जगह-जगह चुनावी चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।










