हल्द्वानी। धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महाराष्ट्र का रहने वाला है और उसे पुलिस ने पंतनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को हल्द्वानी के गौजाजाली बिचली निवासी कमल जोशी ने थाना हल्द्वानी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत के आधार पर थाना हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी विजय मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान महाराष्ट्र निवासी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान पुत्र नजर खान (35 वर्ष) के रूप में की। आरोपी ट्रक चालक है। विवेचना के दौरान मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए 23 जून 2026 को आरोपी को पंतनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि राजनीतिक अथवा किसी अन्य विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।










