
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग्यता, मेहनत और ईमानदारी ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचारमुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद युवाओं का भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है तथा अब योग्य और प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता और परिश्रम के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का सरकार पर बढ़ता विश्वास राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक योग्य युवा को समान अवसर प्रदान करना है, ताकि उत्तराखण्ड की युवा शक्ति विकसित राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश के 34 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। सरकार आगे भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हुए युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान नवचयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए राज्य के विकास और जनसेवा के प्रति पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।










