Ad

पहाड़ में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, 3 लोगों की मौत से पसरा मातम

चमोली। जिले के देवाल ब्लॉक में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब देहरादून से देवाल क्षेत्र के वाक गांव जा रही एक कार ल्वाणी गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे कार में सवार छह लोग देहरादून से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। ल्वाणी गांव के समीप अचानक वाहन चालक का नियंत्रण कार पर से हट गया और कार सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF) की टीम और स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

प्रशासन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

सम्बंधित खबरें