Ad

उधम सिंह नगर गैंगरेप कांड: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीनों आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली…..

रुद्रपुर/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, देर रात चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

भूरारानी रोड से किया था अगवा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से गढ़वाल क्षेत्र की रहने वाली है और रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में नशे के बंटवारे पर खूनी विवाद, युवक की सीने में चाकू घोंपकर.....

आरोप है कि तीनों युवक जबरन चारों को अपने साथ ले जाने लगे। रास्ते में मौका मिलते ही पीड़िता की सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, जबकि पीड़िता और उसका दूसरा साथी आरोपियों के कब्जे में रह गए।

जंगल में ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीड़िता और उसके साथी को काशीपुर फ्लाईओवर की ओर ले गए। कुछ दूरी पर युवक को छोड़ने के बाद तीनों आरोपी युवती को जंगल में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में छतरपुर-भूरारानी निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास (मेट्रोपोलिस अंडरपास) के पीछे झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। युवती के लापता होने पर पुलिस और परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह घायल और बदहवास हालत में झाड़ियों से बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाकर मेडिकल परीक्षण कराया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ:- हल्दूचौड़ में 'लखपति दीदी' का सम्मान, दीपेंद्र सिंह कोश्यारी की मौजूदगी में गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश, देखें क्या बोले कोश्यारी...

पीड़िता के बयान और उसकी सहेली की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गैंगरेप, अपहरण सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी के नेतृत्व में चला अभियान, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जिलेभर में लगातार चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया गया।

सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस को बाइक पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु (निवासी गदरपुर) के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जोगा सिंह और रविंदर (दोनों निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा:- नशे में धुत युवक का घर में घुसकर खूनी हमला, लाठी से सिर फोड़ा, देखें पूरा रिपोर्ट...

मौके से पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी का रुद्रपुर जिला अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है।

एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने विवेचना को तेजी से पूरी करने, मजबूत चार्जशीट तैयार करने और आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें